जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन, पशुपालन योजनाओं की दी गई जानकारी
धनबाद (झारखंड) : झारखंड सरकार के कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग की ओर से जिला स्तरीय सेमिनार, समारोह एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उप गव्य डिप्टी डायरेक्टर संजय कुमार गुप्ता उपस्थित रहे। धनबाद जिले के सभी प्रखंडों से आए कृषि लाभुकों ने इस कार्यशाला में भाग लिया।
कार्यशाला में सरकार द्वारा चलाई जा रही पशुपालन योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि दुधारू पशु खरीदने के लिए क्या प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए और सरकार द्वारा इस पर कितनी अनुदान राशि दी जा रही है। इसके अलावा, पशुपालकों को शेड निर्माण के लिए भी सहायता प्रदान की जा रही है।
मुख्य वक्ताओं ने दूध के महत्व और मानव जीवन में उसके लाभों पर भी चर्चा की। इस दौरान तोपचांची प्रखंड प्रमुख आनंद महतो ने कहा कि यदि पशुपालकों को किसी भी प्रकार की समस्या होती है, तो वे कृषि चिकित्सकों से सहयोग ले सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की इन योजनाओं से लाभुकों को रोजगार मिल रहा है और वे अपने पारिवारिक जीवन को भी बेहतर बना सकते हैं।
कार्यक्रम में मौजूद अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी पशुपालन को बढ़ावा देने और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।