पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, निखार सबलोक हत्याकांड का वांटेड सागर सिंह उर्फ शिबू घायल
कन्हैया कुमार/धनबाद
धनबाद। धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। निरसा थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुख्यात अपराधी सागर सिंह उर्फ शिबू उर्फ विजय सिंह घायल हो गया। उसके पैर में दो गोलियां लगी हैं। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि सागर सिंह का नाम जमशेदपुर के चर्चित कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड से भी जुड़ा है और वह इस मामले में वांटेड बताया जा रहा है। इसके अलावा उसका नाम धनबाद के चर्चित पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में भी सामने आ चुका है।
गुप्त सूचना पर हाथबाड़ी पहुंची थी पुलिस टीम
पुलिस के अनुसार, विशेष टीम को सूचना मिली थी कि सागर सिंह अपने कुछ साथियों के साथ निरसा इलाके में मौजूद है और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने निरसा थाना क्षेत्र के हाथबाड़ी में छापेमारी की कार्रवाई शुरू की।
बताया जाता है कि पुलिस टीम शमशाद खान के आवास पर छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद सागर सिंह उर्फ शिबू ने पुलिस टीम को देखकर कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी की ओर से फायरिंग किए जाने के बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
तीन राउंड फायरिंग के बाद पुलिस ने दिया जवाब
निरसा एसडीपीओ लीलेश्वर महतो के अनुसार, अपराधी शिबू ने पुलिस टीम पर करीब तीन राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी चार से पांच राउंड फायरिंग की। पुलिस की गोली सागर सिंह के पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ ने बताया कि सागर सिंह पुलिस टीम पर फायरिंग करने के बाद भागने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
एसएसपी ने भी की मुठभेड़ की पुष्टि
धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने भी निरसा में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में सागर नामक अपराधी को गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
एसएसपी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि सागर सिंह अपने कुछ साथियों के साथ धनबाद में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में है। इसके बाद पुलिस टीम ने निरसा इलाके में कार्रवाई की। इसी दौरान पुलिस और अपराधियों के बीच फायरिंग शुरू हो गई।
कार्रवाई के दौरान सागर सिंह के दो साथियों को भी पुलिस द्वारा पकड़े जाने की सूचना है। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और संभावित आपराधिक साजिश के बारे में जानकारी जुटा रही है।
नीरज सिंह हत्याकांड में भी रहा आरोपी
सागर सिंह उर्फ शिबू का नाम वर्ष 2017 में धनबाद के चर्चित पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड की जांच के दौरान सामने आया था। पुलिस ने उस समय उसे उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया था। वह इस मामले में नामजद आरोपियों में शामिल था और उस पर शूटर के तौर पर शामिल होने का आरोप लगा था।
हालांकि, अगस्त 2025 में धनबाद की विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में पूर्व विधायक संजीव सिंह, सागर सिंह उर्फ शिबू समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया था।
निखार सबलोक हत्याकांड से भी जुड़ा नाम
वर्तमान में सागर सिंह का नाम जमशेदपुर के चर्चित कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड से भी जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क, उसके साथियों और धनबाद में उसकी मौजूदगी के पीछे की वजहों की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि सागर सिंह के पास हथियार कहां से पहुंचे और हाथबाड़ी में वह किन लोगों के संपर्क में था। जिस आवास पर पुलिस टीम ने कार्रवाई की, वहां मौजूद अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
बड़ी वारदात की तैयारी की सूचना के बाद कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सागर सिंह और उसके साथियों के किसी बड़ी वारदात की तैयारी करने की सूचना के बाद विशेष टीम को सक्रिय किया गया था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उनका अगला टारगेट कौन था और उनके पास किस तरह के हथियार थे।
फिलहाल सागर सिंह का एसएनएमएमसीएच में इलाज चल रहा है। उसकी हालत और मेडिकल रिपोर्ट के संबंध में पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है। पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ-साथ गिरफ्तार किए गए अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
