कुसुम विहार कोऑपरेटिव सोसायटी कॉलोनी में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस
कन्हैया कुमार /धनबाद
धनबाद। कुसुम विहार स्थित कोऑपरेटिव सोसायटी कॉलोनी में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कॉलोनी परिसर में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में सोसायटी के सदस्य एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
समारोह के दौरान डी.एन. प्रसाद एवं सनोज सिंह ने संयुक्त रूप से राष्ट्रध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और राष्ट्रगान के साथ देश के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया।
देश की एकता और अखंडता का लिया संकल्प
स्वतंत्रता दिवस समारोह में उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि इसके साथ देश और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियां भी जुड़ी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और एकजुटता ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है।
गणमान्य सदस्यों की रही मौजूदगी
समारोह में मनोहर सिंह, बी.एन. लाल, भास्कर सिन्हा, सुनील मंडल, राय जी, एन.के. सिंह, अरुण शर्मा सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प दोहराया।
ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
समारोह के दौरान कॉलोनी परिसर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा। कार्यक्रम ने सोसायटी के सदस्यों को आपसी एकता, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम के सूत्र में जोड़ने का संदेश दिया।
