स्वच्छ व सुव्यवस्थित धनबाद बनाना मेरा संकल्प : शान्तनु चंद्रा
धनबाद : नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी के बीच महापौर प्रत्याशी शान्तनु कुमार चंद्रा उर्फ बबलू पासवान ने मंगलवार को गांधीनगर सब्जी बागान में जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाया। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों, विशेष रूप से माताओं और बहनों से सीधे संवाद कर उनका भरोसा जीतने की कोशिश की। इस दौरान महिलाओं का भरपूर स्नेह, आशीर्वाद और खुला समर्थन मिला, जिससे समर्थकों और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
जनसंपर्क के क्रम में महिलाओं ने क्षेत्र में व्याप्त गंदगी, पेयजल संकट, सुरक्षा, सड़क और नाली जैसी बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बबलू पासवान ने न सिर्फ इन समस्याओं को गंभीरता से सुना, बल्कि समाधान का भरोसा भी दिलाया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर निगम में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी और महिलाओं की सुरक्षा, स्वच्छता व्यवस्था तथा जलापूर्ति में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर प्रत्याशी शान्तनु कुमार चंद्रा ने कहा कि धनबाद की बदहाल स्वच्छता व्यवस्था, अनियमित जलापूर्ति और बुनियादी सुविधाओं की कमी से आम जनता त्रस्त है। यदि जनता ने उन्हें अवसर दिया, तो नगर निगम को जवाबदेह बनाया जाएगा और विकास कार्य जमीन पर दिखेंगे, सिर्फ फाइलों तक सीमित नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि हर वार्ड में स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, सड़क और नाली की व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा।
इस मौके पर बबलू पासवान ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हर नागरिक का मतदान जरूरी है। उन्होंने सभी नागरिकों से भारी मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि जनसमर्थन के बल पर ही धनबाद को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और जनहितैषी शहर बनाया जा सकता है।
शान्तनु कुमार चंद्रा उर्फ बबलू पासवान ने कहा,
“गांधीनगर की माताओं-बहनों से मिला स्नेह और आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी ताकत है। धनबाद को भ्रष्टाचार, गंदगी और अव्यवस्था से मुक्त कर विकास की नई दिशा देना मेरा संकल्प है। जनता का भरोसा मिला तो ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ नगर निगम को चलाया जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा कि जनसंपर्क अभियान के माध्यम से वे लगातार जनता से जुड़ रहे हैं, उनकी समस्याओं को समझ रहे हैं और धनबाद के सर्वांगीण विकास के लिए एक मजबूत रोडमैप के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
