| | | | | |

जनता के प्रति आभार जताने सड़क पर उतरे विधायक राज सिन्हा, निकाली भव्य बाइक रैली

Spread the love

धनबाद: भारतीय जनता पार्टी के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर शनिवार को धनबाद में एक भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। यह रैली विधायक राज सिन्हा के आवासीय कार्यालय, जगजीवन नगर से प्रारंभ हुई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली की अगुवाई खुद विधायक राज सिन्हा ने की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने सफलता के साथ अपने 45 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। पार्टी ने देश और राज्य के विकास में अहम योगदान दिया है। उन्होंने धनबाद की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह रैली हमारे लिए जनता के प्रति आभार प्रकट करने का माध्यम है। धनबादवासियों ने हमेशा भाजपा को प्यार और आशीर्वाद दिया है, इसके लिए हम उनके ऋणी हैं।”

राज सिन्हा ने आगे बताया कि भारतीय जनता पार्टी, धनबाद जिला द्वारा स्थापना दिवस सप्ताह के अंतर्गत 6 अप्रैल से ही विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जो 12 अप्रैल तक चलेंगे। इस दौरान सेवा, संगठन और समर्पण से जुड़े कई सामाजिक व राजनीतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

बाइक रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा के झंडे और नारों के साथ पूरे शहर में पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों का प्रचार किया। रैली शहर के प्रमुख इलाकों से होते हुए गुजरी, जिससे माहौल पूरी तरह भाजपामय हो गया। आम जनता ने भी जगह-जगह पर रैली का स्वागत किया।

स्थापना दिवस के इन आयोजनों के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के माध्यम से आम जनता से सीधे संवाद स्थापित करना और उनके विश्वास को और मजबूत करना है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *