कोयलांचल में महावीर जनकल्याणक महोत्सव की धूम
DHANBAD NEWS
धनबाद: महावीर जयंती के शुभ अवसर पर धनबाद कोयलांचल क्षेत्र में भगवान महावीर जनकल्याणक महोत्सव की धूमधाम से मनाया जा रहा है। आज इस पावन अवसर पर श्री दिगंबर जैन मंदिर, कतरास रोड से एक भव्य रथयात्रा निकाली गई, जिसने क्षेत्र में धार्मिक वातावरण और सामाजिक एकता का अद्भुत संदेश दिया।
रथयात्रा मटकुरिया जैन मंदिर से आरंभ होकर बैंक मोड़ तक पहुंची और वहां से विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई। इस यात्रा में भगवान महावीर की भव्य प्रतिमा को विशेष रूप से सजाए गए रथ पर विराजमान किया गया। रथ के आगे-आगे श्रद्धालुओं की टोली ‘जियो और जीने दो’ का नारा बुलंद करते हुए चल रही थी। ढोल-नगाड़ों, विशेष बैंड और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
रथयात्रा के साथ ही महावीर झूले पालन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें भगवान महावीर को श्रद्धा के साथ झूला झुलाया गया। इस कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से सहभागिता की और मंत्रोच्चारण के बीच झूले का संचालन किया गया।
इस महोत्सव की भव्यता में चार चाँद लगाने का कार्य विभिन्न जैन समाजों ने किया। त्रिशला महिला संगठन, धैया जैन समाज, कतरास जैन समाज, झरिया जैन समाज और खरखरी जैन समाज की सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही। समाज की महिलाओं और युवाओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महोत्सव का उद्देश्य भगवान महावीर के सिद्धांतों – अहिंसा, सत्य, ब्रह्मचर्य, अपरिग्रह और अस्तेय – को जन-जन तक पहुँचाना रहा। इस आयोजन के माध्यम से शांति, करुणा और सह-अस्तित्व का संदेश पूरे क्षेत्र में फैलाया गया।