भारत के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की तंजानिया यात्रा: भारत-तंजानिया रक्षा सहयोग को मिला नया आयाम
दार-एस-सलाम, तंजानिया, 13 अप्रैल 2025 — भारत के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ तंजानिया की आधिकारिक यात्रा पर दार-एस-सलाम पहुंचे, जहां जूलियस न्येरेरे अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया। तंजानिया में भारत के उच्चायुक्त बिश्वदीप डे और भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल डी. के. त्रिपाठी के साथ-साथ तंजानिया पीपुल्स डिफेंस फोर्स (TPDF) के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
श्री सेठ की यह यात्रा भारत और अफ्रीकी देशों के साथ रक्षा सहयोग को गहराई देने और समुद्री सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। वे तंजानिया में आयोजित बहुपक्षीय समुद्री अभ्यास AIKEYME 2025 (Africa India Maritime Engagement) और तीसरे डिफेंस एक्सपो के उद्घाटन समारोह में भाग लेने के लिए पहुँचे हैं।
रक्षा प्रदर्शनी का उद्घाटन
13 अप्रैल को दार-एस-सलाम स्थित होटल किलिमंजारो हयात में भारत-तंजानिया डिफेंस एक्सपो के तीसरे संस्करण का उद्घाटन किया गया। इस समारोह में तंजानिया की रक्षा मंत्री महामहिम स्टर्गोमेना लॉरेंस टैक्स और भारत के रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने संयुक्त रूप से प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर दोनों गणमान्य अतिथियों ने रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता, नवाचार और उच्च-स्तरीय तकनीकी क्षमता को प्रदर्शित करने वाले स्टालों का अवलोकन किया।
सामरिक संवाद और सहयोग
राज्य मंत्री संजय सेठ ने तंजानिया के सत्तारूढ़ दल चामा चा मापिन्दुजी के महासचिव एवं उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डॉ. इमैनुएल नचिंबी से भी मुलाकात की। इस चर्चा में भारत-तंजानिया के द्विपक्षीय संबंधों, सामरिक सहयोग और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर गहन संवाद हुआ।
AIKEYME 2025 अभ्यास
भारत-तंजानिया के संयुक्त मेजबानी में आयोजित AIKEYME 2025 एक 6-दिवसीय बहुपक्षीय समुद्री अभ्यास है, जिसमें 3 दिन हार्बर चरण और 3 दिन सी फेज के रूप में निर्धारित हैं। इस अभ्यास में भारत सहित कुल 10 देशों — कोमोरोस, जिबूती, केन्या, मेडागास्कर, मॉरीशस, मोज़ाम्बिक, सेशेल्स, दक्षिण अफ्रीका और तंजानिया — की नौसेनाएं हिस्सा ले रही हैं।
इस अभ्यास का उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में सहयोग, समन्वय और समुद्री सुरक्षा को बढ़ावा देना है। इसका नाम ‘AIKEYME’ संस्कृत शब्द ‘ऐक्यम’ से लिया गया है, जिसका अर्थ है — एकता। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘SAGAR’ (Security and Growth for All in the Region) विजन का सजीव उदाहरण है और रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में इस पहल को मूर्त रूप दिया गया है।
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की तंजानिया यात्रा भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव, रक्षा कूटनीति और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान के अंतरराष्ट्रीय विस्तार का प्रतीक बनकर सामने आई है। यह यात्रा न केवल भारत और तंजानिया के बीच द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को सशक्त करेगी, बल्कि अफ्रीका के अन्य देशों के साथ रणनीतिक सहयोग को भी नई दिशा देगी।