पिता की हैवानियत: पारिवारिक विवाद में डेढ़ साल के मासूम को लोहे की रॉड से पीटा, हालत नाजुक
भागलपुर(बिहार) :- जिले के नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के दौरान एक निर्दयी पिता ने अपने ही डेढ़ साल के मासूम बेटे पर लोहे की रॉड से ऐसा वार किया कि उसका पेट फट गया। गंभीर रूप से घायल मासूम का जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन तो सफल कर लिया है, लेकिन बच्चे की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला?
परबत्ता के रहने वाले रुदल मंडल और उनकी पत्नी काजल कुमारी के बीच रविवार को विवाद हो गया। काजल कुमारी अपनी मां के श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए मायके जाना चाहती थी, लेकिन पति रुदल मंडल इसके खिलाफ था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में गंभीर विवाद में बदल गई।
गुस्से में आकर रुदल मंडल ने अपने ही मासूम बेटे ज्योतिष मंडल को लोहे की रॉड से बुरी तरह पीट दिया, जिससे बच्चे का पेट फट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस भयावह घटना के बाद आरोपी पिता घर से फरार हो गया।
बच्चे का इलाज और मां की बेबसी
घायल मासूम को लेकर उसकी मां पहले एक प्राइवेट नर्सिंग होम पहुंची, लेकिन वहां इलाज का खर्च अधिक बताया गया। इसके बाद वह अपने बच्चे को लेकर जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए पटना रेफर कर दिया। मगर आर्थिक तंगी के चलते काजल अपने बच्चे को पटना नहीं ले जा सकी और यहीं इलाज कराने की गुहार लगाई।
डॉक्टरों की एक टीम ने मिलकर बच्चे का ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर दिया, लेकिन उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। बच्चे को इमरजेंसी से आईसीयू में शिफ्ट किया गया है, जहां डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।
पिता की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद से आरोपी पिता रुदल मंडल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किए जाने की संभावना है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और वे आरोपी पिता को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।