भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की स्थापना के शताब्दी वर्ष पर सम्मेलन आयोजित।
मधेपुरा (बिहार):- जिले के मुरलीगंज प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बघिनियां के प्रांगण में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की स्थापना के शताब्दी वर्ष के अवसर पर भव्य समारोह सह सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की शुरुआत पार्टी के वरिष्ठ नेता रमण कुमार द्वारा झंडोत्तोलन से हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंचल मंत्री अनिल भारती ने की, जबकि उद्घाटन भाकपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य प्रमोद प्रभाकर ने किया।
संविधान और लोकतंत्र बचाने का संकल्प
प्रमोद प्रभाकर ने अपने संबोधन में कहा कि भाकपा का इतिहास साझी शहादत और साझी विरासत का रहा है। उन्होंने भारतीय संविधान, लोकतंत्र और गंगा-जमुनी तहजीब के समक्ष उत्पन्न खतरों से लड़ने का संकल्प लिया। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह सरकार किसानों और मजदूरों के बजाय कॉरपोरेट घरानों के हित में काम कर रही है। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और समाज में बढ़ते अत्याचारों पर चिंता जताई और कहा कि वर्तमान सरकार मंदिर-मस्जिद की राजनीति में व्यस्त है।
देश के संसाधनों को बेचा जा रहा है
भाकपा नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश के सार्वजनिक उपक्रमों को कौड़ियों के दाम बेच रही है और धर्म के नाम पर देश को बांटने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी देश में बेदाग है और भ्रष्टाचार का कोई आरोप पार्टी पर नहीं है। उन्होंने फासीवाद, सांप्रदायिकता और पूंजीवाद के खिलाफ संघर्ष को तेज करने का आह्वान किया।
किसानों और मजदूरों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं
पार्टी के जिला मंत्री विद्याधर मुखिया ने कहा कि भाकपा स्वतंत्रता संग्राम से निकली हुई मेहनतकश अवाम की पार्टी है। उन्होंने डबल इंजन सरकार से किसानों को उनकी फसल का लाभकारी मूल्य देने और भूमिहीनों को बसने के लिए जमीन देने की मांग की। वहीं, वरिष्ठ नेता रमण कुमार ने कहा कि आजादी के 77 साल बाद भी दलित और आदिवासी समाज बदतर स्थिति में है। पूरे देश में जल, जंगल और जमीन की लड़ाई जारी है, लेकिन भाकपा इसे जीतने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
अंचल परिषद का गठन
सम्मेलन में सर्वसम्मति से 23 सदस्यीय अंचल परिषद का गठन किया गया। कामरेड रमेश कुमार शर्मा को अंचल मंत्री, मो. सिराज और श्रीमान हांसदा को सहायक अंचल मंत्री निर्वाचित किया गया। नवनिर्वाचित अंचल मंत्री रमेश कुमार शर्मा ने कहा कि भाकपा मुरलीगंज प्रखंड के सभी पंचायतों में भूमिहीनों को बासगीत पर्चा, वंचितों को राशन कार्ड, बेघरों को पक्का मकान और सम्मान दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल
भाकपा के पूर्व अंचल मंत्री अनिल भारती ने कहा कि पार्टी का गौरवशाली संघर्ष हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेता रौशन कुमार यादव, उमाशंकर मुन्ना, श्याम सुंदर मंडल, गजेंद्र ऋषिदेव, सुरेंद्र किस्कू, वीर नारायण चौधरी, नित्यानंद यादव, शिवजी साह, जागेश्वर हांसदा, सुखदेव हांसदा, कालेश्वर मुर्मू, दीपक मरांडी, सोनेलाल मरांडी, संजय मरांडी, मो. गब्बर, बबलू मुर्मू, मीना देवी, निर्मला देवी, रेणु देवी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।