| | | | | |

धनबाद स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई, पांच संदिग्ध युवक गिरफ्तार; तीन चोरी के मोबाइल बरामद

Spread the love

कन्हैया कुमार/धनबाद

धनबाद। धनबाद रेलवे स्टेशन पर आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान रविवार की दोपहर आरपीएफ को बड़ी सफलता मिली। आरपीएफ पोस्ट और सीआईबी की संयुक्त टीम ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-8 से पांच संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। पूछताछ में तीनों मोबाइल को धनबाद स्टेशन पर रेल यात्रियों से चोरी करने की बात सामने आई है।

आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय प्रकाश ने बताया कि आरपीएफ पोस्ट और सीआईबी की टीम धनबाद स्टेशन क्षेत्र में नियमित गश्त और अपराध नियंत्रण को लेकर निगरानी कर रही थी। इसी दौरान रविवार को प्लेटफॉर्म संख्या-8 के पास पांच युवक संदिग्ध अवस्था में बैठे दिखाई दिए।

आरपीएफ को देखते ही भागने लगे युवक

आरपीएफ जवानों की नजर जब पांचों युवकों पर पड़ी तो उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। टीम पूछताछ के लिए उनकी ओर बढ़ी तो युवक अचानक वहां से भागने का प्रयास करने लगे। इसके बाद आरपीएफ जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही घेर लिया और पांचों को पकड़ लिया।

पकड़े जाने के बाद आरपीएफ ने युवकों से कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सभी ने अपनी पहचान और पता बताया। गिरफ्तार युवकों में पश्चिम बंगाल के वर्दवान-कुल्टी बराकर निवासी विक्की कर्मकार, कुल्टी एलसी मोड़ निवासी छोटू अंसारी, कुल्टी धनकपुर निवासी मंगल राय, धनबाद के पांडरपाला गौसिया मस्जिद मिल्लतगंज निवासी अरमान तथा बलियापुर सबयगढ़ा पलानी स्थित के पास रहने वाला मिथुन गोप शामिल है।

तीन युवकों के पास मिले चोरी के मोबाइल

आरपीएफ टीम ने पांचों युवकों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान विक्की कर्मकार, अरमान और मिथुन गोप के पास से एक-एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। आरपीएफ के अनुसार, पूछताछ में तीनों ने स्वीकार किया कि बरामद मोबाइल फोन धनबाद रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों से चोरी किए गए थे।

बरामद मोबाइल में से एक फोन पर इसी दौरान कॉल भी आया। आरपीएफ ने कॉल रिसीव कर पूछताछ की तो कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम चंद्रिका बताया। उन्होंने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के अयोध्या के रहने वाले हैं और धनबाद रेलवे स्टेशन पर उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। इस जानकारी के बाद बरामद मोबाइल के चोरी का होने की पुष्टि करने में आरपीएफ को मदद मिली।

पांचों को रेल पुलिस के हवाले किया गया

पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरपीएफ ने गिरफ्तार पांचों युवकों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल पुलिस (जीआरपी) के हवाले कर दिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर स्टेशन पर मोबाइल चोरी की अन्य घटनाओं और संभावित गिरोह के नेटवर्क की जानकारी जुटा सकती है।

आरपीएफ के अनुसार, पकड़े गए युवकों में विक्की कर्मकार और अरमान के खिलाफ धनबाद जीआरपी थाना में पहले से मामले दर्ज हैं। इससे यह भी संकेत मिलता है कि दोनों का आपराधिक गतिविधियों से पूर्व में भी संबंध रहा है।

धनबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल और अन्य सामान की चोरी की घटनाओं को देखते हुए आरपीएफ और सीआईबी की टीम लगातार निगरानी कर रही है। खासकर प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, प्रवेश-निकास द्वार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *