| | | | | | |

राखी के धागे से बंधा प्रशासन और बेटियों का रिश्ता, छात्राओं ने अधिकारियों को बांधा रक्षा सूत्र

Spread the love

डीसी-एसएसपी ने सुनीं छात्राओं की समस्याएं, स्कूलों में सुविधाओं से लेकर सुरक्षा तक उठे मुद्दे; मनचलों पर होगी सख्त कार्रवाई

धनबाद। रक्षाबंधन के अवसर पर मंगलवार को समाहरणालय में आयोजित विशेष समारोह भावनाओं और अपनत्व से भर गया। जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों की छात्राओं ने उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त  सन्नी राज, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी  एस. मोहम्मद याकूब तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी  अभिषेक झा की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत किया। छात्राओं ने अधिकारियों की लंबी उम्र और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने भी छात्राओं को आशीर्वाद एवं उपहार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

रक्षा सूत्र बांधने के बाद कार्यक्रम केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उपायुक्त ने छात्राओं के साथ खुला संवाद कर उनकी वास्तविक समस्याओं को जानने का प्रयास किया। उन्होंने छात्राओं से विद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति, आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा दैनिक जीवन से जुड़ी परेशानियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। छात्राओं ने भी बिना किसी झिझक के अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

उपायुक्त ने छात्राओं को भरोसा दिलाया कि उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।

स्कूलों में सड़क, स्मार्ट बोर्ड से लेकर भवन तक की समस्याएं

खुले संवाद के दौरान प्लस टू हाई स्कूल कोलाकुसमा की छात्राओं ने विद्यालय के एप्रोच रोड के निर्माण, स्मार्ट बोर्ड लगाने तथा संगीत वाद्ययंत्र उपलब्ध कराने की मांग रखी। छात्राओं ने बताया कि बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए आधुनिक शिक्षण संसाधनों की आवश्यकता है।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गोविंदपुर की छात्राओं ने विद्यालय में डीप बोरिंग कराने की मांग की। वहीं प्राइमरी स्कूल नेरो गोविंदपुर की छात्राओं ने बाउंड्री वॉल निर्माण और पर्याप्त बेंच-डेस्क उपलब्ध कराने की मांग अधिकारियों के समक्ष रखी।

उत्क्रमित मिडिल स्कूल भालगोड़ा की छात्राओं ने विद्यालय के जर्जर भवन की समस्या से उपायुक्त को अवगत कराया। छात्राओं ने बताया कि विद्यालय के रसोईघर का दरवाजा भी तोड़ दिया गया है और चोर बर्तन चोरी कर ले गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय की सुरक्षा और भवन की स्थिति पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया।

सरायढेला स्कूल की छात्राओं ने उठाया सुरक्षा का मुद्दा

संवाद के दौरान मिडिल स्कूल सरायढेला की छात्राओं ने विद्यालय के बाहर मनचलों और शरारती तत्वों की गतिविधियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। छात्राओं ने बताया कि विद्यालय के आसपास अवांछित तत्वों का जमावड़ा रहता है। शाम के बाद विद्यालय परिसर में अड्डाबाजी, चोरी तथा छुट्टी के बाद छात्राओं के साथ मनचलों द्वारा अशोभनीय व्यवहार किए जाने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने मौके पर ही संबंधित थाना प्रभारियों से फोन पर बात की और शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेने का निर्देश दिया। उन्होंने आवश्यकतानुसार दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने को कहा।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित बालिका विद्यालय, आवासीय विद्यालय समेत सभी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया जाएगा। विद्यालयों के आसपास पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और संदिग्ध एवं अवांछित गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

उन्होंने कहा कि छात्राओं को परेशान करने वाले मनचलों और शरारती तत्वों के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इन विद्यालयों की समस्याएं भी हुईं सामने

संवाद के दौरान जिले के कई अन्य विद्यालयों से जुड़ी मांगें भी सामने आईं।

उत्क्रमित मिडिल स्कूल बस्तीपुर में एप्रोच रोड निर्माण, मिडिल स्कूल खास निरसा के आसपास से अतिक्रमण हटाने, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय धनबाद का एप्रोच रोड बनाने, प्राथमिक विद्यालय कतरासगढ़ में वॉशरूम निर्माण तथा गर्ल्स हाई स्कूल भागा में सोलर लाइट और डीप बोरिंग कराने की मांग छात्राओं ने रखी।

इसी तरह मिडिल स्कूल जगजीवन नगर की छात्राओं ने बेंच-डेस्क, स्मार्ट बोर्ड तथा खेल मैदान को समतल कराने की मांग की। प्राइमरी स्कूल चालधोवा में कंप्यूटर शिक्षक उपलब्ध कराने और मिडिल स्कूल पंडुकी में स्मार्ट बोर्ड लगाने की मांग भी सामने आई।

सड़क पार करने में छात्राओं को परेशानी, रंबल स्ट्रिप लगाने का आश्वासन

पीएम श्री राजगंज की छात्राओं ने विद्यालय की सुरक्षा से जुड़ी एक महत्वपूर्ण समस्या बताई। उन्होंने कहा कि हाई स्कूल और मिडिल स्कूल सड़क के आर-पार स्थित हैं। ऐसे में छात्राओं को सड़क पार करने में परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। विद्यालय प्रबंधन की ओर से सड़क पर बैरिकेड लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है।

उपायुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पथ निर्माण विभाग से स्कूल के पास शीघ्र रंबल स्ट्रिप लगवाने का आश्वासन दिया, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित हो और छात्राओं को सड़क पार करने में अपेक्षाकृत सुरक्षित वातावरण मिल सके।

30-30 के बैच में शिक्षकों को मिलेगा कंप्यूटर प्रशिक्षण

सभी विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षक की मांग पर उपायुक्त ने व्यावहारिक समाधान बताते हुए कहा कि विद्यालय के शिक्षकों को 30-30 के बैच में कंप्यूटर का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा से जुड़ी समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी और उपलब्ध शिक्षकों के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा प्रदान की जा सकेगी।

डीसी ने कहा- शिक्षा से समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं

उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने कहा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और एक-दूसरे की रक्षा के पवित्र रिश्ते का प्रतीक पर्व है। छात्राओं ने अधिकारियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर इस रिश्ते को और मजबूत किया है।

उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिसके जरिए बेटियां अपने सपनों को पूरा करने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने तथा भविष्य में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

छात्राओं ने भेंट की हस्तनिर्मित सामग्री, अधिकारियों से लिए ऑटोग्राफ

समारोह के दौरान छात्राओं ने अपने हाथों से तैयार की गई सामग्री उपायुक्त एवं एसएसपी को भेंट की। इस दौरान छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कुछ छात्राओं ने दोनों वरीय पदाधिकारियों के ऑटोग्राफ भी लिए। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम छात्राओं और जिला प्रशासन के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच बना, जहां बेटियों ने न केवल अधिकारियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा, बल्कि अपने विद्यालयों की समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को भी बेझिझक सामने रखा। प्रशासन ने भी इन समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाते हुए शिक्षा और सुरक्षा दोनों क्षेत्रों में आवश्यक कदम उठाने की प्रतिबद्धता जताई।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *