विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर बुजुर्गों के बीच पहुंची डालसा की टीम, दैनिक उपयोग की वस्तुओं का किया वितरण
संजय चौरसिया धनबाद
धनबाद: धनबाद में विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से साबलपुर स्थित लालमुनि वृद्धाश्रम में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान डालसा की टीम ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच समय बिताया और उन्हें दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं वितरित कीं। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें यह भरोसा दिलाना था कि समाज और विधिक सेवा प्राधिकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डालसा के सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के मौके पर टीम ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की। उनके साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं, जरूरतों और परेशानियों की जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना विधिक सेवा प्राधिकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान एक निराश्रित वृद्ध महिला, जिनके परिवार का कोई सदस्य नहीं है, को लालमुनि वृद्धाश्रम में आवासित कराया गया। डालसा की ओर से उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का भरोसा दिलाया गया। इस पहल से महिला को आश्रय मिलने के साथ सामाजिक सुरक्षा भी सुनिश्चित हुई।
कार्यक्रम में एलएडीसीएस के डिप्टी चीफ अजय कुमार भट्ट ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और उनके संरक्षण से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को सम्मान, सुरक्षा और गरिमापूर्ण जीवन उपलब्ध कराना केवल सरकार या किसी संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि किसी भी तरह की कानूनी परेशानी होने पर वे विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करें।
वहीं, सहायक काउंसिल सुमन पाठक और शैलेन्द्र झा ने भी वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े विभिन्न कानूनों और उन्हें मिलने वाली कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी सलाह और सहायता उपलब्ध कराने के लिए विधिक सेवा संस्थाएं लगातार काम कर रही हैं।
इस अवसर पर अधिवक्ता मीना सिन्हा ने भी वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान डालसा की टीम ने बुजुर्गों के साथ बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उनकी आवश्यकताओं को समझने का प्रयास किया।
कार्यक्रम में लालमुनि वृद्धाश्रम, साबलपुर के संचालक नौशाद गद्दी सहित रवि श्रीवास्तव, विद्यासागर साहनी, बाबू जान सोरेन, शिवानी देवी, अलीगढ़ वॉलंटियर, हेमराज चौहान, अजीत कुमार, संध्या देवी समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से बुजुर्गों को यह संदेश दिया गया कि उम्र के इस पड़ाव में वे अकेले नहीं हैं और उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं सम्मान के लिए समाज तथा विधिक सेवा प्राधिकार उनके साथ खड़ा है।
