‘शोषित और वंचितों की लड़ाई में साथ खड़ा है मानव अधिकार फोरम’— राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद रहमान
POOJA RAI/DHANBAD
धनबाद: मानव अधिकार फोरम की ओर से रविवार को धनबाद के बिनोद बिहारी महतो चौक स्थित होटल कावेरी में नव नियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान सह प्रमाण पत्र वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद रहमान शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई। इसके बाद संगठन के विभिन्न पदों पर नव नियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद रहमान ने कहा कि मानव अधिकार फोरम समाज के शोषित, पीड़ित, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज भी समाज में कई ऐसे लोग हैं जिन्हें उनके मूल अधिकारों से वंचित रखा जाता है। ऐसे लोगों की आवाज बनकर मानव अधिकार फोरम उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करता है। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में संगठन से जुड़ने और मानव अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष सुदिस्ट कुमार ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल सदस्य संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसे समर्पित लोगों को जोड़ना है जो समाज के शोषित और वंचित वर्ग की लड़ाई में मजबूती से उनके साथ खड़े हों। उन्होंने बताया कि धनबाद जिले में संगठन का लगातार विस्तार किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोगों तक मानव अधिकार फोरम की सेवाएं पहुंच सकें।
जिलाध्यक्ष संगीत सिंह ने कहा कि समारोह में नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है। उन्होंने सभी को समाजहित, मानव अधिकारों की रक्षा तथा संगठन के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान मानव अधिकार फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद रहमान, प्रदेश अध्यक्ष सुदिस्ट कुमार, जिलाध्यक्ष संगीत सिंह, महिला प्रदेश अध्यक्ष गीता देवी, स्टेट चेयरमैन अभिषेक पॉल, प्रदेश महासचिव मुख्तार अहमद, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी, प्रदेश संगठन सचिव समेंद्र कुमार सिंह, डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन कमल किशोर शर्मा, महिला डिस्ट्रिक्ट वाइस प्रेसिडेंट गायत्री शर्मा, बोकारो महिला जिलाध्यक्ष बासमती देवी तथा धनबाद की महिला सदस्य पुनीता देवी, सुशीला देवी एवं पिंकी सहित कई पदाधिकारियों ने नवनियुक्त सदस्यों को बधाई देते हुए संगठन की मजबूती और समाज सेवा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।
समारोह का समापन सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देने और मानव अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
