मेयर प्रत्याशी इंदु सिंह का सघन जनसंपर्क, मटकुरिया से सिंदरी तक दिखा बदलाव का मूड
धनबाद। नगर निगम चुनाव की सरगर्मी जैसे-जैसे तेज होती जा रही है, वैसे-वैसे मेयर पद की प्रत्याशी इंदु सिंह का जनाधार भी मजबूत होता नजर आ रहा है। मंगलवार को इंदु सिंह ने मटकुरिया, सिंदरी, झरिया, मोहनबनी और धैया खटाल समेत कई इलाकों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर चुनावी माहौल को पूरी तरह अपने पक्ष में मोड़ने की कोशिश की। पदयात्रा, नुक्कड़ सभा और आम जनता से सीधे संवाद के जरिए उन्होंने यह साफ संकेत दे दिया कि इस बार मेयर की कुर्सी के लिए मुकाबला बेहद दिलचस्प होने वाला है।
जनसंपर्क अभियान की शुरुआत मटकुरिया से हुई, जहाँ स्थानीय लोगों ने वर्षों से चली आ रही जलजमाव, गंदगी और नाली व्यवस्था की बदहाली की शिकायतें खुलकर रखीं। इंदु सिंह ने लोगों को भरोसा दिलाया कि नगर निगम का असली काम जनता की बुनियादी जरूरतों को पूरा करना है, न कि फाइलों में विकास दिखाना। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें सेवा का अवसर मिला, तो सबसे पहले उन इलाकों को प्राथमिकता दी जाएगी, जो वर्षों से उपेक्षा के शिकार रहे हैं।
इसके बाद इंदु सिंह का काफिला भैया खटाल और मोहनबनी पहुँचा, जहाँ युवाओं ने रोजगार, खेल मैदान और प्रशिक्षण केंद्र की मांग प्रमुखता से उठाई। युवाओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि शहर का भविष्य युवाओं के हाथ में है और उन्हें सिर्फ वादे नहीं, बल्कि ठोस अवसर देने की जरूरत है। उन्होंने खेल और कौशल विकास को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल करने का ऐलान किया।
सिंदरी और झरिया में आयोजित नुक्कड़ सभाओं में इंदु सिंह ने मौजूदा व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि नगर निगम के पास फंड की कोई कमी नहीं है, कमी है तो ईमानदार नीयत की। “भ्रष्टाचार के कारण विकास जमीन पर नजर नहीं आता। सिंदरी से लेकर झरिया तक की जनता आज भी पानी, सड़क, सफाई और रोशनी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रही है,” उन्होंने कहा।
जनसंपर्क के दौरान महिलाओं का उत्साह खास तौर पर देखने लायक रहा। मोहनबनी में महिलाओं ने आरती उतारकर इंदु सिंह का स्वागत किया और उन्हें समर्थन का भरोसा दिया। महिलाओं ने कहा कि वे इस बार ऐसे नेतृत्व को मौका देना चाहती हैं, जो उनकी समस्याओं को समझे और समाधान भी करे।
भारी भीड़ और समर्थकों के जोश से उत्साहित इंदु सिंह ने दावा किया कि इस बार धनबाद की जनता बदलाव के मूड में है। उन्होंने कहा कि विकास विरोधी और जनविरोधी ताकतों को इस चुनाव में करारा जवाब मिलेगा। जनसंपर्क अभियान में बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, समाजसेवी और कार्यकर्ता शामिल रहे, जिससे यह साफ हो गया कि मेयर चुनाव में इंदु सिंह एक मजबूत दावेदार के रूप में उभर रही हैं।
