| | | | | |

धनबाद नगर निगम चुनाव में बढ़ी हलचल, आरजेजेएस की महामंत्री आसनी सिंह ने किया महापौर पद से चुनाव लड़ने का ऐलान

Spread the love

KANHAIYA KUMAR/DHANBAD

बेहतर और विकसित शहर बनाने का लिया संकल्प, कहा— जनता का आशीर्वाद ही मेरी ताकत

धनबाद: नगर निगम चुनाव को लेकर कोयलांचल की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। लंबे अंतराल के बाद होने वाले इस चुनाव में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प रहने की उम्मीद है। खास बात यह है कि इस बार महापौर पद अनारक्षित है, जिसके कारण कई नामी-गिरामी और प्रभावशाली चेहरे मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। राजनीतिक गलियारों से लेकर जनमानस तक, अब सबकी निगाहें इस प्रतिष्ठित चुनाव पर टिक गई हैं।

इसी कड़ी में राष्ट्रीय जनता कामगार संघ (आरजेजेएस) की महामंत्री आसनी सिंह ने भी महापौर पद से चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है। The Times Net से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि “ हमारे परिवार से पहली महिला महापौर रही हैं, जिनके कार्यकाल में कई ऐतिहासिक और जनहित से जुड़े कार्य हुए थे। उनके अधूरे सपनों को पूरा करने और शहर को नई ऊंचाई देने के लिए मैं स्वयं चुनाव मैदान में उतर रही हूं।”

आसनी सिंह ने आगे कहा कि उनकी प्राथमिकता होगी कि धनबाद को बेहतर, स्वच्छ और विकसित शहर बनाया जाए। उन्होंने कहा, “धनबाद को स्मार्ट सिटी के नाम पर सिर्फ कागजों में नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर स्मार्ट बनाना होगा। मेरी कोशिश रहेगी कि शहर की सड़कों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त की जाए, जलनिकासी (ड्रेनेज सिस्टम) को मजबूत बनाया जाए और हर मोहल्ले में स्वच्छता व सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।”

आसनी सिंह ने यह भी कहा कि वे लंबे समय से मजदूर संगठन से जुड़ी रही हैं और मजदूर वर्ग की समस्याओं को करीब से समझती हैं। “मेरी ताकत जनता और मजदूर वर्ग है। उनके सहयोग और आशीर्वाद से मैं इस चुनाव में उतर रही हूं।” उन्होंने बताया कि उनके संगठन ने सदैव समाज के वंचित तबकों, मजदूरों और महिलाओं के हित में कार्य किया है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

राजनीतिक जानकारों की मानें तो आसनी सिंह का मैदान में उतरना चुनावी समीकरणों को दिलचस्प बना देगा। एक ओर वे सामाजिक सरोकारों और जनसंपर्क के लिए जानी जाती हैं, वहीं उनके परिवार की नगर राजनीति में मजबूत पकड़ को भी नकारा नहीं जा सकता।

धनबाद में इस बार महापौर पद के लिए कई नए और पुराने चेहरों के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। वहीं, जनता की उम्मीदें हैं कि जो भी इस बार जीत हासिल करे, वह वास्तव में धनबाद को ट्रैफिक जाम, गंदगी और अव्यवस्था से मुक्त कर एक मॉडल सिटी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए।

आसनी सिंह के मैदान में उतरने से निश्चित रूप से चुनावी फिजा और भी गर्म हो गई है। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि जनता किस उम्मीदवार पर भरोसा जताती है और धनबाद की बागडोर किसके हाथों में जाती है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *