राज्य में लू का कहर: मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
RANCHI NEWS
झारखंड में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने राज्य भर में लू चलने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। सबसे अधिक असर मेदनी नगर, गढ़वा, जमशेदपुर और गोड्डा जैसे जिलों में देखा जा रहा है, जहां तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
मेदनी नगर में पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी रांची में भी तापमान 38 डिग्री के ऊपर दर्ज किया गया है। तीखी धूप और उमस के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है, क्योंकि लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
इस स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। लू से बचाव के लिए जरूरी दवाइयों, ORS, पानी और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक घर से बाहर निकलने से बचें, हल्के और ढीले कपड़े पहनें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और धूप में निकलते समय सिर को ढक कर रखें।
जल्द राहत मिलने की फिलहाल कोई संभावना नहीं है, क्योंकि मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक गर्मी इसी तरह से बनी रह सकती है।