| | | | |

पूर्व मध्य रेल ने माल ढुलाई में रचा इतिहास: 202.63 मिलियन टन लदान कर बनाया नया कीर्तिमान महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने विभागाध्यक्षों के साथ की समीक्षा बैठक,

Spread the love

हाजीपुर (बिहार): पूर्व मध्य रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में माल ढुलाई के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए 202.63 मिलियन टन माल लदान कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस सफलता के उपलक्ष्य में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने आज मुख्यालय, हाजीपुर में विभागाध्यक्षों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की।

बैठक की शुरुआत में महाप्रबंधक श्री सिंह ने माल ढुलाई के क्षेत्र में रिकॉर्ड उपलब्धि के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने इस मौके पर बताया कि पूर्व मध्य रेल ने 29 मार्च 2025 को 200 मिलियन टन माल लदान का आंकड़ा पार कर लिया था, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। 31 मार्च तक यह आंकड़ा 202.63 मिलियन टन तक पहुंच गया, जिससे पूर्व मध्य रेल भारतीय रेलवे के शीर्ष चार क्षेत्रीय रेलवे में शामिल हो गया।

राजस्व में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी
इस अभूतपूर्व लदान से पूर्व मध्य रेल को माल ढुलाई के क्षेत्र में 26,354 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि पूर्व मध्य रेल को भारतीय रेल में दूसरा सबसे अधिक आय अर्जित करने वाला क्षेत्रीय रेलवे बनाती है।

स्मृति चिन्ह का हुआ विमोचन
महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को यादगार बनाने हेतु एक विशेष स्मृति चिन्ह भी जारी किया, जो इस सफलता को चिरस्थायी रूप से दर्शाएगा।

भविष्य की योजनाओं पर गहन चर्चा
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्ययोजनाओं और लक्ष्यों पर भी व्यापक चर्चा की गई। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जल्द से जल्द नई कार्ययोजनाओं को क्रियान्वित करें ताकि अगले वर्ष और भी बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य केवल आंकड़े बढ़ाना नहीं, बल्कि गुणवत्ता, समयबद्धता और संचालन कुशलता में भी सुधार लाना है।

निरंतर प्रयास से ही संभव हुई यह सफलता
महाप्रबंधक ने कहा कि यह कीर्तिमान विभागीय समन्वय, समर्पित प्रयासों और कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी पूर्व मध्य रेलवे इसी प्रकार रेलवे परिवार का गौरव बढ़ाता रहेगा।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *