राँची में पहली बार भव्य एयर शो, झारखंड के इतिहास में नया अध्याय
राँची: झारखंड की राजधानी राँची एक ऐतिहासिक और रोमांचक क्षण की ओर अग्रसर है। रक्षा राज्य मंत्री और राँची के सांसद संजय सेठ ने हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर राज्य में एक भव्य एयर शो आयोजित किए जाने की घोषणा की। यह एयर शो 19 और 20 अप्रैल को राँची के नामकुम स्थित आर्मी ग्राउंड में सुबह 9:45 से 10:45 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
संजय सेठ ने बताया कि यह एयर शो विश्वस्तरीय स्तर का होगा और झारखंड के इतिहास में पहली बार ऐसा आयोजन किया जा रहा है। इस शो में भारतीय वायु सेना के जांबाज़ जवान अपने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन करेंगे। दर्शकों को कई अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों और अन्य विमानों की रोमांचक उड़ानें देखने को मिलेंगी।
इस ऐतिहासिक आयोजन की तैयारी रक्षा मंत्रालय और भारतीय वायु सेना द्वारा संयुक्त रूप से की जा रही है। इसके सफल आयोजन हेतु जिला प्रशासन को भी सक्रिय रूप से शामिल किया गया है, ताकि सुरक्षा और व्यवस्था का पूरा ख्याल रखा जा सके।
कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाने के लिए राज्यपाल संतोष गंगवार तथा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही, वायु सेना प्रमुख ए० पी० सिंह को भी इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
संजय सेठ ने यह भी कहा कि यह एयर शो न केवल राज्य के लोगों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव होगा, बल्कि युवाओं में देशभक्ति की भावना को भी और मजबूत करेगा। यह झारखंड के लिए गौरव का विषय है कि पहली बार ऐसा आयोजन यहां होने जा रहा है।
राँची में होने वाला यह एयर शो राज्य के इतिहास में मील का पत्थर साबित हो सकता है। इससे न केवल आम जनता को वायु सेना की ताकत और समर्पण का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा, बल्कि यह आयोजन राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान भी दिला सकता है।