एयर इंडिया में यात्रियों के साथ धोखा: टूटी सीट पर बैठने को मजबूर हुए यात्री
नई दिल्ली : – जिस तेज़ी से हवाई किराये में बढ़ोतरी हो रही है, उसी रफ्तार से एयरलाइंस की सेवाएं गिरती जा रही हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला वरिष्ठ पत्रकार मयूर शेखर झा के साथ पेश आया, जब उन्हें मालदीव से दिल्ली की एयर इंडिया की फ्लाइट (AI 240) में टूटी हुई सीट पर सफर करना पड़ा।
टूटी सीट और खराब सर्विस का कड़वा अनुभव
मयूर शेखर झा ने ट्वीट कर इस अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने सीट 4D (अतिरिक्त लेग रूम वाली सीट) के लिए अतिरिक्त भुगतान किया था, लेकिन जब उन्होंने सीट पर बैठने की कोशिश की तो पाया कि वह पूरी तरह धंसी और टूटी हुई थी। यह केवल असुविधाजनक ही नहीं, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा था।
उन्होंने जब इसकी शिकायत की तो एयर इंडिया के स्टाफ ने कोई समाधान देने से इनकार कर दिया और लापरवाही भरा जवाब दिया – “इस पर कुछ नहीं किया जा सकता है।”
एयर इंडिया स्टाफ का गैर-जिम्मेदाराना रवैया
मयूर शेखर झा ने इस दौरान एयर इंडिया के कर्मचारियों के “कोई परवाह नहीं” वाले रवैये की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने लिखा,
“सबसे बुरी बात यह थी कि एयरलाइन स्टाफ को इस समस्या से कोई फर्क ही नहीं पड़ा। यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उनके लिए कोई मायने नहीं रखती।”
उन्होंने इस घटना की तुलना केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बीते महीने हुई एक इसी तरह की घटना से भी की, जब उन्हें भी एयर इंडिया की खराब सेवाओं का सामना करना पड़ा था। मयूर शेखर झा का अनुभव इस उम्मीद के विपरीत निकला। उन्होंने सवाल उठाया –
“अगर यात्रियों से पूरा पैसा वसूला जा रहा है, तो उन्हें असुविधाजनक और टूटी हुई सीटों पर क्यों बैठाया जा रहा है?”
उन्होंने यह भी बताया कि जब उन्होंने इस मामले को सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर बताते हुए शिकायत दर्ज करानी चाही, तो कर्मचारियों ने उन्हें *DGCA (डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन) से शिकायत करने की सलाह दे दी।
यात्रा के बाद स्वास्थ्य खराब, डॉक्टर ने दी आराम की सलाह
इस परेशान करने वाली यात्रा के बाद मयूर शेखर झा की तबीयत खराब हो गई, और डॉक्टर ने उन्हें एक हफ्ते तक आराम करने की सलाह दी है।
एयर इंडिया से यात्रियों को मिले सम्मानजनक सेवा – झा
मयूर शेखर झा ने एयर इंडिया से मांग की है कि इस तरह की लापरवाही रोकी जाए और यात्रियों की सुरक्षा तथा सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया को यात्रियों की मजबूरी का फायदा नहीं उठाना चाहिए और बेहतर सेवा देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।यह घटना एयर इंडिया की गिरती हुई सेवाओं और यात्रियों के साथ हो रही लापरवाहियों को उजागर करती है।