| | | | |

जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने धनबाद जेल का किया निरीक्षण, सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

Spread the love

धनबाद। जेल आईजी सुदर्शन मंडल ने शुक्रवार सुबह धनबाद मंडल कारा का निरीक्षण किया। सुबह 8 बजे पहुंचे आईजी ने करीब तीन घंटे तक जेल के अंदर रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और 11 बजे वापस लौट गए। इस दौरान उन्होंने जेल की सुरक्षा, संसाधन, कैदियों की स्थिति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।

गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत

धनबाद जेल पहुंचते ही जेल प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद जेल आईजी ने कारा अधिकारियों, कर्मचारियों और बंदियों से बातचीत की। उन्होंने जेल में कार्यरत अधिकारियों से कार्यस्थल पर आने वाली समस्याओं और जेल संसाधनों को लेकर चर्चा की।

बंदियों से की मुलाकात, भोजन व स्वास्थ्य सुविधाओं की जांच

आईजी ने जेल में बंद कैदियों से मिलकर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने जेल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर पूछताछ की। उनके अनुसार, धनबाद जेल की सुविधाएं संतोषजनक पाई गईं, हालांकि कुछ जगहों पर सुधार की जरूरत है।

धनबाद जेल में स्टाफ की भारी कमी

निरीक्षण के दौरान जेल आईजी ने बताया कि धनबाद मंडल कारा में स्थायी अधीक्षक, जेलर और असिस्टेंट जेलर नहीं हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों पर असर पड़ रहा है। इसके अलावा वार्डन की भी भारी कमी है, जिससे जेल संचालन में समस्याएं हो रही हैं।

धनबाद जेल की सुरक्षा पर उठे सवाल

आईजी सुदर्शन मंडल ने जेल की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि धनबाद जेल रिहायशी इलाके से घिरा हुआ है और जेल की बाउंड्री आसपास के घरों से सटी हुई है, जिससे सुरक्षा की समस्या बढ़ जाती है। कोई भी बाहरी व्यक्ति आसानी से जेल के अंदर सामान पहुंचा सकता है, जो एक गंभीर मुद्दा है।

नए जेल भवन के लिए फिर होगी पहल

आईजी ने कहा कि धनबाद जेल का क्षेत्रफल बहुत कम है और इसे मॉडल जेल के मानकों के अनुसार बड़ा करने की जरूरत है। वर्ष 2016 में गोविंदपुर में नए जेल भवन के लिए जमीन देखी गई थी, लेकिन मामला अब तक लंबित है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे जानकारी ली जाएगी और जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

चेन स्नेचिंग पर विशेष अभियान की तैयारी

धनबाद में बढ़ते चेन स्नैचिंग के मामलों पर भी जेल आईजी ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अगर यह आयोजित गिरोह (ऑर्गेनाइज्ड क्राइम) द्वारा किया जा रहा है, तो सीआईडी को इसकी जांच में लगाया जाएगा।

निरीक्षण के बाद जेल आईजी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कारा व्यवस्थाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यह दौरा किया जा रहा है। इससे पहले उन्होंने चास जेल का निरीक्षण किया था, जहां की व्यवस्थाएं भी संतोषजनक मिली थीं।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *