| | | | | |

धनबाद में तीन दिवसीय वृंदावन जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य शुभारंभ, कृष्ण भक्ति में डूबे श्रद्धालु

Spread the love

संजय चौरसिया/धनबाद

धनबाद: इस्कॉन वृन्दावन विहार की ओर से आयोजित तीन दिवसीय वृंदावन जन्माष्टमी महोत्सव का बुधवार को क्लार्क्स इन रिजॉर्ट, धनबाद में भव्य शुभारंभ हुआ। 2 से 4 सितंबर तक चलने वाले इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रीकृष्ण जन्म कथा, भक्ति-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

महोत्सव के प्रथम दिन श्रीकृष्ण जन्म कथा का आयोजन किया गया। कथावाचक सुन्दर गोविन्द प्रभु ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म, उनके बाल स्वरूप तथा जीवन से जुड़े विभिन्न आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।

कथा के साथ आयोजित सामूहिक भक्ति-कीर्तन में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भक्तों के हरिनाम संकीर्तन और श्रीकृष्ण के जयकारों से कार्यक्रम स्थल का माहौल पूरी तरह कृष्णमय हो गया। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में हिस्सा लेकर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।

इस्कॉन धनबाद की ओर से महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। कथा और कीर्तन के साथ महाप्रसाद की भी व्यवस्था की गई है। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव का उद्देश्य भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, उनके संदेश और सनातन आध्यात्मिक परंपराओं को लोगों तक पहुंचाना है।

मंदिर प्रबंधक श्रीमंत सुंदर गोविंद दास ने बताया कि जन्माष्टमी महोत्सव के आगामी दिनों में कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने धनबादवासियों से अधिक से अधिक संख्या में महोत्सव में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से लोगों को भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति के साथ-साथ आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।

तीन दिनों में होंगे कई विशेष आयोजन

2 से 4 सितंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में आगामी दिनों में श्रीकृष्ण जन्म कथा, अधिवास समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभुपाद लीलामृत, भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग, महाआरती सहित कई धार्मिक आयोजन होंगे। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

आयोजकों ने श्रद्धालुओं से परिवार के साथ महोत्सव में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और आध्यात्मिक कार्यक्रमों का लाभ उठाने की अपील की है। महोत्सव के दौरान भक्ति, संस्कृति और आध्यात्मिकता का संगम देखने को मिल रहा है, जिससे धनबाद में जन्माष्टमी का उत्सव विशेष रूप से भक्तिमय नजर आ रहा है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *