| | | | | | |

एसआईआर 2026 को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Spread the love

धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर 2026) को लेकर झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सोमवार की देर शाम धनबाद समाहरणालय सभागार में जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (एईआरओ) के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी एवं बाघमारा विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है, इसलिए इसके पुनरीक्षण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि दावा एवं आपत्ति से जुड़े मामलों का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निपटारा किया जाए। इसके लिए संबंधित मतदाताओं को समय पर नोटिस तामील कराने तथा सुनवाई के दौरान अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर देने को कहा गया।

पात्र मतदाता का नाम नहीं छूटे, अपात्र का नाम नहीं जुड़े

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक ईआरओ यह सुनिश्चित करें कि मतदाता सूची में दर्ज व्यक्ति भारत का नागरिक हो, उसकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो और वह संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र का निवासी हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए और किसी भी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए।

उन्होंने प्रत्येक आवेदन, दावा-आपत्ति, नोटिस और प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की गहन जांच करने पर जोर दिया। कहा कि मतदाता सूची से संबंधित किसी भी मामले का निष्पादन तथ्यों एवं दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही किया जाए। प्रत्येक मामले में स्पष्ट, पारदर्शी और सकारण आदेश जारी करने का भी निर्देश दिया।

बीएलओ के साथ कंप्यूटर ऑपरेटर होंगे टैग

एसआईआर 2026 की प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ के साथ एक कंप्यूटर ऑपरेटर को टैग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ रिकॉर्ड को सही तरीके से अपडेट करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है। इसके लिए सभी स्तरों पर आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।

नजरी नक्शा, गृह संख्या और नोशनल नंबर के सत्यापन पर जोर

बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने नजरी नक्शे के सत्यापन को लेकर भी ईआरओ को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नजरी नक्शे का सही तरीके से सत्यापन करना संबंधित ईआरओ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने निर्देश दिया कि नजरी नक्शे के साथ गृह संख्या एवं नोशनल नंबर का भी सावधानीपूर्वक सत्यापन कराया जाए और सभी विवरण सही तरीके से अंकित किए जाएं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में विभाजित न हों।

उपायुक्त ने किया स्वागत

बैठक से पहले जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

बैठक में नगर आयुक्त आशिष गंगवार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालीदास मुंडा, सिंदरी विधानसभा के ईआरओ सह अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, निरसा के ईआरओ सह एडीएम सप्लाई पंकज कुमार, धनबाद विधानसभा के ईआरओ सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, झरिया विधानसभा के ईआरओ सह एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा, टुंडी विधानसभा के ईआरओ सह डीसीएलआर दिलीप कुमार महतो, बाघमारा विधानसभा के ईआरओ सह निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सुशांत मुखर्जी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनिल कुमार सिंह सहित सभी एईआरओ मौजूद रहे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *