80वें स्वतंत्रता दिवस पर रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम में शान से लहराया तिरंगा, डीसी ने गिनाईं धनबाद की विकास उपलब्धियां
धनबाद :- 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार ने सबसे पहले परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के बीच उपायुक्त ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। तिरंगा फहराने के बाद राष्ट्रगान की गूंज से पूरा समारोह स्थल देशभक्ति के भाव से भर उठा।
इस अवसर पर जिलेवासियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने धनबाद को पारदर्शी, त्वरित एवं नागरिक हितैषी प्रशासन देने के संकल्प को दोहराया। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों में किए जा रहे विकास कार्यों, सामाजिक योजनाओं, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास, पेयजल, पुनर्वास और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।
शहर को जाम से निजात दिलाने पर जोर
उपायुक्त ने नगर निगम एवं शहरी विकास की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि धनबाद शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए सड़कों के चौड़ीकरण, फ्लाईओवर एवं फुट-ओवरब्रिज निर्माण जैसे कार्यों पर जोर दिया जा रहा है। श्रमिक चौक स्थित गया पुल अंडरपास के चौड़ीकरण का कार्य भी प्रगति पर है।
उन्होंने बताया कि नमामि गंगे परियोजना के तहत ₹769.9 करोड़ की लागत से 192 एमएलडी क्षमता वाले पांच सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की स्वीकृति मिली है, जिसमें प्रथम चरण का कार्य शुरू हो चुका है।
स्वच्छ हवा और तालाबों के पुनर्जीवन पर विशेष फोकस
उपायुक्त ने बताया कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मूल्यांकन में धनबाद शहर को 100 में से 100 अंक प्राप्त हुए हैं। वहीं अमृत 2.0 योजना के तहत बरमसिया, लोको और राजा तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रस्तावित है।
इसके अलावा लगभग 60 एकड़ में फैले पम्पू तालाब के समग्र पुनर्जीवन के लिए रेलवे के साथ एमओयू किया गया है। कचरा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए 125 टीपीडी क्षमता के सी एंड डी वेस्ट प्लांट तथा आमझार, बलियापुर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का निर्माण कार्य जारी है।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अब तक 1,268 परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
ग्रामीण सड़कों और पेयजल योजनाओं को गति
जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट की योजनाओं की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़कों से जोड़ने के लिए 100 सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
पेयजल व्यवस्था के लिए ₹5 करोड़ की लागत से 23 योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। तोपचांची में बंद पड़ी 41 जलमीनारों में डीप बोरिंग का कार्य कराया जा रहा है, जबकि टुंडी में 500 घरों को जलापूर्ति से जोड़ा गया है।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कई योजनाएं
शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए उपायुक्त ने बताया कि जिले के 118 विद्यालयों के सुदृढ़ीकरण की योजना स्वीकृत है। वहीं 38 स्वास्थ्य उपकेंद्रों को विकसित किया जा रहा है तथा एक डिलीवरी सेंटर के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया जारी है। जिले की 2,277 सहियाओं को किट उपलब्ध कराई गई है।
महिला एवं बाल विकास के तहत 283 आंगनबाड़ी योजनाओं के माध्यम से नए भवन निर्माण एवं जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा है।
1.48 लाख से अधिक ग्रामीण परिवार स्वयं सहायता समूहों से जुड़े
ग्रामीण आजीविका एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में जेएसएलपीएस की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उपायुक्त ने बताया कि जिले के 1.48 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को 13,048 स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि जिले में 6,464 सखी मंडल की महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत 5,822 लोगों को निशुल्क प्रशिक्षण दिया गया, जबकि 2,429 लोगों को रोजगार मिला है। ‘फुलो झानो आशीर्वाद अभियान’ के माध्यम से 2,283 महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका से जोड़ा गया है।
करीब 2.76 लाख पेंशनधारियों को समय पर भुगतान
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि जिले में 2,75,890 पेंशनधारियों को समय पर पेंशन भुगतान सुनिश्चित किया गया है। वहीं झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 3,46,145 लाभुकों को जुलाई 2026 तक की राशि का भुगतान किया जा चुका है।
मैट्रिक और इंटर के परिणामों में धनबाद का बेहतर प्रदर्शन
उपायुक्त ने शिक्षा के क्षेत्र में जिले के प्रदर्शन की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मैट्रिक परीक्षा में जिले का परिणाम 95.84 प्रतिशत रहा। इंटर विज्ञान में 84.32 प्रतिशत, वाणिज्य में 94.92 प्रतिशत और कला संकाय में 97.40 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल की ओपीडी सेवा में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। ओपीडी में मरीजों की संख्या 7 हजार से बढ़कर 14 हजार हुई है। अस्पताल में 80 से अधिक प्रकार की पैथोलॉजी जांच की सुविधा उपलब्ध है। वहीं अर्श क्लिनिक रैंकिंग में धनबाद को राज्य में प्रथम और देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
झरिया पुनर्वास योजना में 215 परिवारों का स्थानांतरण
झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार की गतिविधियों की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने कहा कि 81 उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों से 215 परिवारों का स्थानांतरण किया गया है।
स्थानांतरित परिवारों को ₹50 हजार शिफ्टिंग सहायता, ₹1 लाख लाइवलीहुड ग्रांट तथा ₹1 लाख रेंटल असिस्टेंस प्रदान किया जा रहा है।
बेलगड़िया टाउनशिप के फेज-5 में ₹82.90 करोड़ की लागत से 2,000 आवासों का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें 72 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अलावा ₹7.09 करोड़ की लागत से रूफटॉप सोलर प्रोजेक्ट तथा 395 सोलर स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं।
डीवीसी से स्थायी पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति शुरू करने का लक्ष्य मई 2028 रखा गया है। वहीं विद्युत सबस्टेशन और 20-बेड के मॉडल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण भी प्रगति पर है।
20 लाख से अधिक लोगों को खाद्यान्न का लाभ
खाद्य आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी देते हुए उपायुक्त ने बताया कि राष्ट्रीय एवं राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 20.48 लाख से अधिक सदस्यों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
₹10 में धोती, लुंगी एवं साड़ी योजना तथा जिले में संचालित 19 मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र सुचारू रूप से चल रहे हैं। ग्रामीण परिवहन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ग्राम गाड़ी योजना के तहत आठ वाहन ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित हैं।
पंचायतों को मजबूत करने की दिशा में जिले की 55 पंचायतों में मॉडल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 111 अतिरिक्त पंचायतों में इसकी स्थापना का लक्ष्य रखा गया है।
अन्य विभागों की उपलब्धियां भी गिनाईं
उपायुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, समाज कल्याण, परिवहन, राजस्व, आपूर्ति, कल्याण सहित विभिन्न विभागों की उपलब्धियों और संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी साझा की।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और धनबाद को विकास, पारदर्शिता तथा नागरिक सुविधाओं के मामले में और बेहतर बनाना है।
अधिकारियों एवं आम नागरिकों की रही मौजूदगी
मुख्य समारोह का मंच संचालन श्री घनश्याम दुबे एवं श्रीमती एमेली बसु ने किया। समारोह में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, नगर आयुक्त श्री आशीष गंगवार, अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, सिटी एसपी श्री ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी श्री एस मोहम्मद याकूब, वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री विकास पालीवाल, अपर समाहर्ता श्री प्रदीप कुमार शुक्ला, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री अरविंद कुमार ओझा, निदेशक डीआरडीबी श्री राजीव रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री दिवाकर सी द्विवेदी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती स्नेह कश्यप, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पूरे स्टेडियम में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। तिरंगा फहराने के साथ जिलेवासियों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के संकल्प को दोहराया।
